महासमुन्द

दो सीट में भाजपा,दो सीट में कांग्रेस का कब्जा

दो सीट में भाजपा,दो सीट में कांग्रेस का कब्जा

प्रभात महंती

महासमुंद : रविवार को विधानसभा चुनाव के मतगणना के बाद जिले की चारों विधानसभा सीटों के चुनाव परिणाम सामने आए। इसमें महासमुंद और बसना से जंहा भाजपा प्रत्याशियों की जीत हुई वहीं खल्लारी और सरायपाली में कांग्रेस प्रत्याशियो ने विजय हासिल की। इसके साथ भाजपा में प्रत्याशियों की जीत के साथ छग में सरकार बनने का जश्न था तो कांग्रेस में सरकार जाने के गम के साथ दो सीटों में प्रत्याशियों की जीत की खुशी देखने को मिली। सुबह 7 बजे से मुख्यालय स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में वोटों की गिनती शुरू हुई जो देर शाम तक चली।

ज्ञात हो कि यहां दूसरे चरण में 17 नवंबर को मतदान हुआ। जिसमें जिले के मतदाताओं ने बढ़कर हिस्सा लिया। इस बार जिले की चार विधानसभा से 53 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। जिसमें महासमुंद से सबसे अधिक 20, खल्लारी से 15, बसना से 10 और सरायपाली से सबसे कम 8 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। इन 53 प्रत्याशियों में 14 प्रत्याशी महिलाएं हैं। जिले की चार विधानसभा में हमेशा से भाजपा और कांग्रेस का ही मुख्य मुकाबला होता रहा है। इस बार भी मुख्य मुकाबला इन्हीं के बीच हुआ है। आज सुबह आठ बजे मतगणना केन्द्र कृषि उपज मंडी में कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना शुरू हुई । जिसमें शुरूआत से बसना विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी संपत अग्रवाल बढ़त बनाए हुए थे। वहीं सरायपाली से कांग्रेस प्रत्याशी शुरू से ही एकतरफा जीत की ओर अग्रसर नजर आर्इं।  खल्लारी विधानसभा की बात करें तो यहाँ भी कांग्रेस के द्वारिकाधीश यादव ने भाजपा की प्रत्याशी को शुरू से ही पीछे कर रखा था हालांकि महासमुंद विधानसभा सभा से कांग्रेस की प्रत्याशी डॉ रश्मि चंद्राकर शुरू के छह राउंड में बढ़त बनाई हुई थीं पर सातवें राउण्ड से भाजपा प्रत्याशी योगेश्वर राजू सिन्हा ने बढ़ता बनानी शुरू की और अंतिम चरण डॉ रश्मि को पीछे छोड़कर  आगे निकल गए।

डाक मत पत्र की गिनती जारी

बता दें कि विधानसभा निर्वाचन 2023 अंतर्गत जिले में प्राप्त कुल 5,139 डाक मतपत्रों की गणना हुई। जिसके अंतर्गत विधानसभावार निर्वाचन ड्यूटी में तैनात मतदाताओं के लिए सुविधा केंद्र से विशेष संवाहक द्वारा डाक मतपत्रों की कुल संख्या 4,686 थी। जिसमें महासमुंद विधानसभा अंतर्गत 1,253, खल्लारी में 857, बसना में 1,402 व विधानसभा सरायपाली में 1,174 डाक मतपत्र हैं। जिले में दिव्यांग, 80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग व कोविड अंतर्गत डाक मतपत्र से मतदान करने वाले मतदाताओं की संख्या 335 है। जिसमें महासमुंद से 51, खल्लारी से 73, बसना से 109 और सरायपाली से 102 मतदाता है। इसी तरह ईटीपीबीएस (सेवा मतदाताओं से प्राप्त) अंतर्गत 30 नवंबर तक प्राप्त डाक मतपत्र की संख्या 118 है। जिसमें विधानसभा महासमुंद अंतर्गत 35, खल्लारी में 23, बसना में 31 और सरायपाली में 29 डाक मतपत्र है। समाचार लिखे जाने तक उक्त कुल 5 हजार 139 डाक मतपत्रों की गिनती आखिरी राउंड में की जाएगी।

जिले में 81.57 फीसदी मतदान, महिलाएं आगे

ज्ञात हो कि इस बार के विधानसभा चुनाव में जिले चार विधानसभा में 81.57 प्रतिशत मतदान हुआ था जिसमें पुरूषों की महिला मतदाता में अधिक उत्साह देखा गया। जिले की बसना विधानसभा में सबसे अधिक 83.67 प्रतिशत, खल्लारी में 82.39 प्रतिशत,सरायपाली में 81.71 प्रतिशत और महासमुंद विधानसभा में सबसे कम 78.31 प्रतिशत मतदान हुआ था। पिछले विधानसभा चुनाव के मुकाबले इस बार 1.73 प्रतिशत कम मतदान हुआ। पिछले विधानसभा में 83.30 फीसदी मतदान हुआ था। मतदान के बाद जिले के कुल 1079 मतदान केन्द्रों से प्राप्त इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन को न ई कृषि उपज मंडी में 15 दिनों के लिए तीन लेयर की सुरक्षा में सील कर दिया गया था जो आज सुबह खुली, बाद मतगणना शुरू हुई ।

प्रत्याशियों के चेहरों का बदलता रहा रंग

मतगणना शुरू होने के बाद से ही प्रत्याशियों के चेहरों पर चिंता की लकीरें साफ देखी जा रही थी। सरायपाली की बात करें तो यहां से कांग्रेस प्रत्याशी चातुरी नंद के चेहरे पर शुरू से ही मुस्कान दिखाई दी पर जैसा कि लोगों को लग रहा था कि भाजपा प्रत्याशी सरला कोसरिया शुरू से बढ़त बनाएंगी ऐसा हुआ नहीं। जिससे वे मायूस दिखीं। यहीं स्थिति बसना विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र बहादुर सिंह के चेहरे पर भी दिखीं यहां से भाजपा प्रत्याशी संपत अग्रवाल शुरू से ही जीत के प्रति आस्वस्त दिखे और 15 वें राउंड तक उनकी जीतने की खुश उनके चेहरे पर दिखाई दी। खल्लारी विधानसभा की शुरूवात में दोनों प्रत्याशी अलका चंद्राकर और द्वारिकाधीश यादव प्राप्त परिणाम से संतुष्ट दिखाई तो दिए पर धीरे-धीरे भाजापा प्रत्याशी अलका चंद्राकर के चेहरे से मुस्कान गायब हो गई। महासमुंद में कांग्रेस प्रत्याशी डॉ रश्मि चंद्राकर शुरू से ही जीत की ओर अग्रसर दिखाई दी पर उनकी खुशी सातवें राउण्ड से मायूसी में बदल गई और भाजपा प्रत्याशी योगेश्वर राजू सिन्हा के साथ मौजूद कार्यकर्ताओं का चेहरा खिल उठा और मतगणना स्थल के बाहर जय श्रीराम के नारे लगाते हुए नजर आए।

कहीं खुशी, कहीं गम

मतगणना केंद्र के बाहर सुबह से ही आम जनता के साथ भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता सहित अन्य निर्दलीय के समर्थक मौजूद रहे और चुनाव परिणाम की पल-पल की खबर लेने के साथ उत्साह मनाते हुए नजर आए। जैसे-जैसे राउंड बढ़ता गया वैसे-वैसे मंडी के बाहर खड़ी जनता में उत्साह और मायूसी दोनों नजर आई। करीब दो बजे के बाद भाजपा प्रत्याशी योगेश्वर राजू सिन्हा ने बढ़त बनानी शुरू की मंडी के बाहर खड़े उनके समर्थक जय श्री राम के नारे लगाने लगे, इधर योगेश्वर की जीत की संभावनाएं बढ़ते देख चौक-चौराहों पर भी आतिशबाजी शुरू होने लगी। इस बीच शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

दोनों प्रमुख पार्टी प्रत्याशियों को मिले मत

महासमुंद विधानसभा
राजू सिन्हा-    भाजपा-  84594
रश्मि चंद्राकर- कांग्रेस-   68442
जीत का अंतर-  16152          

खल्लारी विधानसभा
द्वारिकाधीश-     कांग्रेस- 104052
अल्का चंद्राकर- भाजपा-  66933
जीत का अंतर - 37119

बसना विधानसभा
संपत अग्रवाल-   भाजपा- 108871
देवेंद्र बहादुर-       कांग्रेस-   72078
जीत का अंतर-   36793

सरायपाली विधानसभा
चातुरी नन्द-         कांग्रेस- 100503
सरला कोसरिया- भाजपा-   58615
जीत का अंतर- 41888

More Photo

    Record Not Found!


More Video

    Record Not Found!


Related Post

Leave a Comments

Name

Contact No.

Email