
बेमेतरा :- गत वर्ष की भाति इस वर्ष भी 21 जून को पंचम अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया जाएगा। जिला मुख्यालय बेमेतरा के कृषि उपज मण्डी परिसर में सवेरे इसका शुभारंभ होगा। कलेक्टर महादेव कावरे ने इस संबंध में टी.एल. बैठक के दौरान अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। समाज कल्याण विभाग को इसका नोडल बनाया गया है। इसके अलावा विकासखण्ड, नगरीय निकाय एवं ग्राम पंचायत एवं आंगनबाडी केन्द्रों में भी इसके आयोजन करने के निर्देश दिये है। कलेक्टर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी बेमेतरा को मण्डी परिसर की साफ-सफाई एवं पेयजल तथा समाज कल्याण विभाग के उप संचालक को बैनर बनवाने के निर्देश दिये है।
उद्यान विभाग को गुलदस्ता की व्यवस्था़ करने के निर्देश दिये गये है। कलेक्टर महादेव कावरे ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के तैयारी के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। योग प्रदर्शन के लिए स्थान चयन करने एवं योग प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण आयोजित करने के लिए समाज कल्याण विभाग के उप संचालक को निर्देश दिए। नगरीय निकाय व जनपद पंचायत के सी.ई.ओ., शिक्षा विभाग इस आयोजन में सहयोग करें। कलेक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के मितानिन, महिला बाल विकास विभाग के आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, पंचायतकर्मी, शिक्षक व प्रेरक के माध्यम से प्रचार प्रसार कर अधिक से अधिक लोगांे को योग प्रदर्शन कार्यक्रम में सहभागी बनाया जाए। योग के महत्व के बारे में जानकारी दी जाए। योग को दिनचर्या में शामिल कर स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रकाश कुमार सर्वे, अपर कलेक्टर एस.आर. महिलांग सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।