
बेमेतरा : बेमेतरा के निकटवर्ती ग्राम ढोलिया के प्रगतिशील किसान लेखू राम साहू ने अपने फार्म हाउस में नवीन राष्ट्रीय बाॅयो गैस एवं खाद प्रबंधन कार्यक्रम के अंतर्गत गोबर गैस संयत्र स्थापित किया है। इससे उनके ईंधन की समस्या काफी हद तक दूर हो गई है। केन्द्र एवं राज्य प्रवर्तित इस योजना में अजा.एव.अ.ज.जा. के किसानों को 22 हजार रूपए का अनुदान एवं ओ.बी.सी. एवं सामान्य वर्ग के कृषकों को 21 हजार रूपए तक का अनुदान (छूट) मिलता है। कलेक्टर महादेव कावरेे ने आज बुधवार को ढोलिया पहुंचकर किसान के इस गोबर गैस प्लांट का अवलोकन किया। कलेक्टर ने लेखू राम की इस पहल की सराहना की और जिले के अन्य किसानों के लिए अनुकरणीय उदाहरण बताया।
प्रगतिशील किसान लेखू राम ने बताया कि 25 से 30 किलों ग्राम गोबर से लगभग 3 घंटे खपत का ईंधन प्राप्त हो जाता है। घर में गाय, भैस पालन से गोबर की पूर्ति हो जा रहीं है। भेंट के दौरान लेखू राम ने बताया कि बहुत दिनों से उनके मन में गोबर गैस प्लांट स्थापित करने की इच्छा थी। सरकार द्वारा सब्सिडी देने से उनकी यह राह आसान हो गई है। छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय उर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) के सहायोग से इस संयत्र को स्थापित किया गया है।
क्रेडा द्वारा बेमेतरा जिले में इसी तरह के 20 गोबर गैस प्लांट स्थापित कर लिया गया है। इसकी क्षमता 2 घन मीटर है एवं माॅडल प्री फेब्रिकेटेड है। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रकाश कुमार सर्वे, परियोजना अधिकारी जि.पं. बी.आर.मोरे. उप संचालक पंचायत डी.के.कौशिक, सहायक अभियंता के्रडा अभिषेक शुक्ला, जनपद पंचायत के सीईओ दीपक ठाकुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।