
मीडिया रिपोर्ट
कोलकाता : पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर में शनिवार को भाजपा कार्यकर्ता और पुलिस के बीच टकराव हुआ है। हंगामा तब शुरु हुआ जब धारा 144 लागू होने की बात कह पुलिस ने भाजपा का जुलूस रोक दिया। इस पर भाजपा कार्यकर्ता भड़क गए। गंगारामपुर में पुलिस और भाजपा के कार्यकर्ता में टकराव हुआ जिसमें कई लोग घायल हो गए। घायलों में एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर और दो नागरिक वॉलिंटियर भी शामिल हैं। घायलों को पास के अस्पताल ले जाया गया है।
भारतीय जनता पार्टी के सांसद और पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष दिलीप घोष ये रैली निकाल रहे थे। घोष का कहना है कि हम लोग लोगों से मिलकर चुनाव में भाजपा के समर्थन के लिए धन्यवाद कह रहे थे। पुलिस ने हम लोगों को जनता के बीच जाने से रोका, धारा 144 लगा दी गई। घोष का कहना है कि टीएमसी के लोगों ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला किया है। उन्होंने माना है कि टकराव में उनके कार्यकर्ता और पुलिस के लोग घायल हुए हैं। बता दें कि हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा ने पश्चिम बंगाल के चुनावी इतिहास का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। उसने राज्य में 18 सीटों पर जीत दर्ज की है। राज्य में हिंसा भी लगातार होती रही। चुनाव के दौरान भी भाजपा और टीएमसी के बीच हिंसा की घटनाएं हुईं।
बता दें कि एक दिन पहले ही पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने ये कहा था कि राज्य में कोई भी विजयी रैली निकालने की परमिशन नहीं दी जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की रैलियों में हिंसा होती है, ऐसे में उन्होंने पुलिस को आदेश दिया है कि विजयी जुलूस ना हों और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।