
मीडिया रिपोर्ट
नई दिल्लीः यूपीए सरकार के दौरान हुए 1000 करोड़ के एविएशन घोटाले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह नाम सामने आया है। इनकम टैक्स विभाग की जांच में यह घोटाला उजागर हुआ है। इसमें एविएशन फिक्सर दीपक तलवार ने दिग्विजय सिंह और उनके परिवार के लिए फ्लाइट की टिकटें बुक की थीं। आईटी डिपार्टमेंट की जांच में सामने आया है कि दीपक तलवार की वेव हॉस्पिटलिटी एमिरेट्स फर्म ने दिग्विजय और उनके परिवार के लिए 1.25 करोड़ की टिकटें खरीदी थीं, जिनमें से 60 लाख की टिकट दिग्विजय और उनकी पूर्व पत्नी के लिए खरीदी गई थी। ये टिकटें उस समय खरीदी गईं थीं जब दिग्विजय सिंह कांग्रेस पार्टी के महासचिव थे।
आयकर विभाग तलवार से 1000 करोड़ रुपए की बेनामी संपत्ति के संबंध में पूछताछ कर रहा है। दीपक तलवार को एक बड़ा कॉर्पोरेट लॉबिस्ट बताया जाता है। साथ ही कई राजनेताओं का करीबी माना जाता है। उन्हें 2 नवंबर को दिल्ली के 30 हजारी कोर्ट ने नोटिस जारी कर आय के स्रोतों के बारे में जवाब मांगा था।
वहीं, इस मामले में दिग्विजय सिंह ने कहा कि उनकी पत्नी आशा और बेटी का ह्यूस्टन में कैंसर का इलाज चल रहा था। ह्यूस्टन के लिए उन्होंने सभी की टिकटें खुद ही खरीदी थीं। दीपक तलवार की फर्म ने टिकटों को अपग्रेड किया था।