
TNIS
छुरा :- छत्तीसगढ़ पेंशनर्स समाज तहसील इकाई छुरा ने फाग गीतों पर नाचते गाते झूमते हुए हर्षोल्लास के साथ होली मिलन मनाया । सर्वप्रथम मां शारदे एवं राधा कृष्ण की पूजा अर्चना की गई । सभी सदस्यों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया और सबको समता के रंग में रंगने के पावन पर्व होली की हार्दिक बधाई दी गई। अध्यक्षीय उद्बोधन में तिलक राम सिन्हा ने प्रेम, भाईचारा एवं सद्भाव के त्यौहार होली की शुभकामना दी।
विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई एवं भावी योजनाओं पर विचार रखा गया। तत्पश्चात होली मिलन के अवसर पर नगाड़े की मधुर थाप, झाँझ-मजीरा के साथ फाग गीत का आयोजन किया गया। वयोवृद्ध पेंशनर गोपाल राम यदु ने गणपती वंदना ''प्रथम चरण गणपति को मनाऊ'' प्रस्तुत किया। से.नि.व्याख्याता के.आर. सिन्हा ने बुलंद आवाज में आल्हा उदल के पौराणिक कथा को ''उदल बांधे तलवार एक रानी सोनवा के खातिर'' गीत के माध्यम से सुनाया। ''ढूंढ लानव महाराज भंवरा गन्वागे राम काया बन में'' गीत के माध्यम से भवसागर से पार उतरने का संदेश दिया। श्याम लाल बघेल ने 'गांधी झंडा गड़ा दिए भारत में' गीत गाया। नगाड़े की थाप पर पेंशनरों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
उनमें युवाओं का जोश और अपनी संस्कृति को सहेजने की ललक साफ झलक रही थी। सभी सदस्यों ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर अपने अनुभव साझा किए। होली की सार्थकता और बदलते स्वरूप पर विचार भी प्रस्तुत किए। इस अवसर पर गायन पक्ष में चैतू राम साहू, राम सिंह कोर्राम, हीरऊ राम ध्रुव, अलेन सिंह ध्रुव, वादन में रेखचंद साहू, हूलेश ने खूब लुत्फ उठाया। कार्यक्रम में मोहन सिंह ठाकुर, गोपाल राम वर्मा, तीजन बाई, मीना साहू, गंगा पुरोहित, मोती राम देवांगन सहित बड़ी संख्या में पेंशनर उपस्थित रहेl