
एजेंसी
पुणे : महाराष्ट्र के पुणे में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। कोंढवा में दीवार गिरने से 15 लोगों की मौत हो गई व कई गंभीर रूप से घायल हो गए। मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है।
एनडीआरएफ की टीम मौके पर है और बचाव तथा राहत का कार्य जारी है। बताया जा रहा है कि मरने वाले अधिकांश लोग मजदूर हैं। बता दें कि बारी बारिश के चलते यह हादसा हुआ। यहां की एक आवासीय सोसायटी में निर्माण कार्य चल रहा था, जिसके बगल में ही मजदूरों के रहने के लिए कच्चे घर बने हुए थे। शुक्रवार की आधी रात 60 फुट लंबे चौड़े कंपाउंड की दीवार बगल में झुग्गियों पर गिर गई जिसमें सोए कई लोग दब गए।
दमकल विभाग के मुताबिक मरने वालों में 4 बच्चे भी शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल दो लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बारे में पुणे के जिलाधिकारी ने कहा कि शुरुआती जांच में कंस्ट्रक्शन कंपनी की गड़बड़ी सामने आ रही है। मृतकों में ज्यादातर बिहार और बंगाल के लोग हैं।उन्होंने बताया कि पीड़ितों की हरसंभव सहायता की जा रही है।