
एजेंसी
पंजाब : कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामले फिर से सरकार और प्रशासन की चिंता बढ़ाने लगी है। अब पंजाब के जालंधर में नाइट कर्फ्यू लगाने का फैसला लिया गया है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, जालंधर में शनिवार से रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू लगा रहेगा। जिला प्रशासन ने इसको लेकर नोटिस जारी कर दिया है।
जालंधर के जिला मजिस्ट्रेट घनश्याम थोरी के कार्यालय द्वारा जारी एक नोटिस में लिखा है, "जालंधर जिले में COVID-19 मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए, शनिवार से अगले आदेश तक रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू लगाया गया है।'' आपराधिक प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) 1973 और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 144 के तहत कर्फ्यू लगाया गया है।
अमरावती में आठ मार्च तक लॉकडाउन
इससे पहले 27 फरवरी को महाराष्ट्र के अमरावती जिले में 8 मार्च तक के लिए लॉकडाउन बढ़ा दिया गया था।इसके अलावा अकोला, अकोट और मुरजितापुर में भी लॉकडाउन बढ़ाया गया। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने 5 और 6 मार्च को स्थिति की समीक्षा करने की बात कही थी। उसके बाद भविष्य में लॉकडाउन लागू करने या न करने पर फैसला लिया जाएगा।
तमिलनाडु में 31 मार्च तक लॉकडाउन
फरवरी महीने के अंतिम दिन तमिलनाडु सरकार ने राज्य में 31 मार्च तक लॉकडाउन को बढ़ाने का फैसला लिया। हालांकि, राज्य में कोई नए कड़े नियम लागू नहीं किए गए, बल्कि केंद्र सरकार की गाइडलाइंस के तहत ही कदम उठाए गए हैं। प्रशासन को कोरोना नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। पुलिस और नगरपालिका के अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया है कि कंटेनमेंट जोन्स में सख्ती से नियमों का पालन किया जाए।