
Delhi Election 2025 : दिल्ली में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने तारीखों का ऐलान कर दिया है। दिल्ली में सभी 70 सीटों के लिए 5 फरवरी को वोट डाले जाएंगे और 8 फरवरी को नतीजे सामने आएंगे। चुनाव तारीखों के ऐलान के साथ ही दिल्ली में आचार संहिता भी लागू हो गई है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। 5 फरवरी को मतदान होगा और परिणाम 8 फरवरी 2025 को आएंगे। यह चुनाव एक चरण में संपन्न होगा। दिल्ली में करीब 1.55 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें 83.49 लाख पुरुष और 79 लाख महिलाएं शामिल हैं। इसके अलावा, 1261 थर्ड जेंडर और 2.08 लाख नए मतदाता भी हैं। इस बार 33,000 बूथों पर मतदान होगा। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि दिल्ली में 12 आरक्षित और 58 सामान्य सीटें हैं। इसके अलावा, उन्होंने बताया कि 13,000 से अधिक पोलिंग बूथ स्थापित किए गए हैं।
चुनाव प्रक्रिया पर उठाए जा रहे सवालों का चुन-चुनकर दिया जवाब
चुनाव तारीखों के ऐलान से पहले मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने वोटर लिस्ट में गलत तरीके से नाम जोड़ने, हटाने के आरोपों, ईवीएम पर उठाए जा रहे सवालों और वोटिंग पर्सेंटेज में इजाफे जैसे दावों का एक-एक करके जवाब दिया और बताया कि चुनाव पूरी तरह निष्पक्षता से कराए जा रहे हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ने दिखाया कि 2020 से 2004 के बीच 21 राज्यों में चुनाव हुए और इनमें से 15 में अलग-अलग दलों की सरकार बनी।
13 हजार से अधिक बूथ बनाए जाएंगे
13033 पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे। सभी की वेबकास्टिंग की जाएगी। इनमें से 70 को महिला मतदान कर्मी संचालित करेंगी। हर बूथ पर औसतन 1191 वोटर्स होंगे। 85 वर्ष से अधिक आयु के लोग घर से वोट कर सकते हैं।
प्रमुख राजनीतिक पार्टियों की तैयारियां
दिल्ली विधानसभा चुनाव में इस बार आम आदमी पार्टी (आप) ने सबसे पहले सभी 70 सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 29 सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए हैं, जबकि कांग्रेस की 3 सूचियां जारी हुई हैं। प्रमुख मुकाबले कालकाजी और नई दिल्ली सीटों पर देखे जाएंगे, जिनमें समीकरण बदलने के कारण कड़ी प्रतिस्पर्धा हो सकती है। इस चुनाव के लिए सभी पार्टियां जोरदार प्रचार कर रही हैं, और यह मुकाबला काफी रोचक होने की संभावना है।(एजेंसी)