संवाददाता: प्रभात मोहंती
महासमुंद : जिले में किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (PM-AASHA) के तहत प्राइस सपोर्ट स्कीम (पी.एस.एस.) के अंतर्गत रबी वर्ष 2026-27 में दलहन एवं तिलहन फसलों की खरीदी समर्थन मूल्य पर की जाएगी।
उपसंचालक कृषि श्री एफ.आर. कश्यप ने बताया कि इस योजना के तहत चना, मसूर एवं सरसों फसल का उपार्जन किया जाएगा। इसके लिए किसानों का पंजीयन एकीकृत किसान पोर्टल के माध्यम से किया गया है। खरीदी अवधि 01 मार्च 2026 से 30 मई 2026 तक निर्धारित की गई है। जिले में कुल 6 खरीदी केन्द्र बनाए गए हैं, जिनमें कृषि उपज मंडी पिटियाझर (महासमुंद), प्राथमिक कृषि साख समिति सिर्रीपठारीमुड़ा (बागबाहरा), प्राथमिक कृषि साख समिति कोमाखान, प्राथमिक कृषि साख समिति पिथौरा, प्राथमिक कृषि साख समिति बसना एवं कृषि उपज मंडी सरायपाली शामिल हैं। इन केन्द्रों पर ई-समृद्धि पोर्टल के माध्यम से समर्थन मूल्य पर खरीदी की जाएगी।
समर्थन मूल्य का लाभ केवल उन्हीं किसानों को मिलेगा, जिन्होंने पोर्टल पर पंजीयन कराया है। निर्धारित समर्थन मूल्य के अनुसार चना 5875 रुपये प्रति क्विंटल, मसूर 7000 रुपये प्रति क्विंटल एवं सरसों 6200 रुपये प्रति क्विंटल पर खरीदी की जाएगी।






























