संवाददाता: प्रभात मोहंती
तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव का आगाज रविवार से, ऐतिहासिक स्थल में होंगे विविध आयोजन
महासमुंद : महासमुंद विधानसभा अंतर्गत स्थित ऐतिहासिक स्थल सिरपुर में रविवार 1 फरवरी से भव्य तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव का आगाज होने जा रहा है। इस महोत्सव में हमारे प्रदेश की लोक परंपराओं के साथ-साथ देश के विविध संगीत विधाओं जैसे शास्त्रीय, सूफी और आधुनिक संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियाँ होंगी। इस महोत्सव में अधिक से अधिक लोग शामिल हों इसके लिए महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने आमजन से अपील की है। उन्होंने कहा कि हमारा सौभाग्य है कि सिरपुर जैसा ऐतिहासिक स्थल हमारे क्षेत्र में है। सिरपुर न केवल प्रदेश और राष्ट्र स्तर पर बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध है।
इस तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव में आप सभी शामिल हों और इस पल की साक्षी बने। उन्होंने आगे कहा कि इस महोत्सव में प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत की झलक मिलेगी। हमारे प्रदेश के विविध सांस्कृतिक रंग के साथ राष्ट्रीय स्तर के अलग-अलग संगीत विधाओं की प्रस्तुति भी होगी। एक फरवरी को शुभारंभ अवसर पर प्रसिद्ध लोक-भक्ति गायक बाबा हंसराज रघुवंशी एवं उनकी बैंड टीम की विशेष प्रस्तुति होगी। प्रथम दिवस दोपहर 12 बजे से कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। जिसमें फुलझरिया कर्मा पार्टी, बिलासपुर द्वारा कर्मा नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी।
छत्तीसगढ़ी लोक कला मंच राजनांदगांव की लोक कला झलक, इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ के कलाकारों द्वारा कत्थक एवं लोक नृत्य की प्रस्तुति, सुश्री सुरेखा कामले एंड ग्रुप द्वारा ध्रुपत की प्रस्तुति, प्रो. डॉ. लवली शर्मा द्वारा सितार वादन की शास्त्रीय प्रस्तुति, निदेशक, संरक्षण एवं विकास बौद्ध कला एवं सांस्कृतिक समाज मध्य भारत, नागपुर द्वारा तथागत नाटक, इंदिरा कला संगीत विद्यालय खैरागढ़ द्वारा ओडिसी नृत्य, हिमानी वासनिक राजनांदगांव द्वारा भरथरी की प्रस्तुति, सुनील तिवारी लोक कला मंच, रायपुर का रंग-झांझर कार्यक्रम लोगों को मंत्रमुग्ध करेगी।
दूसरे दिन भी होंगे विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम
सिरपुर महोत्सव के दूसरे दिन इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ द्वारा क्लासिकल वोकल, क्लासिकल इंस्ट्रूमेंट, तबला वादन एवं सुगम संगीत की प्रस्तुतियाँ होंगी। इसके अलावा सूफी स्पिरिचुअल म्यूजिक, कबीर संगीत संध्या, संरक्षण एवं विकास बौद्ध कला एवं सांस्कृतिक समाज मध्य भारत, नागपुर द्वारा थेरीगाथा नाट्य एवं भरतनाट्यम नृत्य का आयोजन, पुष्पा साहू, भिलाई द्वारा नवा किस्मत लोक कला मंच की प्रस्तुति होगी। इसके पश्चात इंडियन आइडल फेम 10 के नितिन कुमार, इंडियन आइडल फेम 12 के नचिकेत लेले एवं वैशाली रायकवार अपनी गायन प्रस्तुति देंगे।
अंतिम दिन बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर मीत ब्रदर्स देंगे अपनी प्रस्तुति
3 फरवरी समापन दिवस पर दोपहर 2 बजे से बजे तक इशिका गिरी रायपुर द्वारा कत्थक की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके बाद भूमिसुता मिश्रा रायपुर द्वारा ओडिसी नृत्य, कुमारी आसना दिल्लीवार दुर्ग द्वारा कत्थक नृत्य, राजनंदिनी पटनायक पिथौरा द्वारा ओडिसी नृत्य, गीतिका चक्रधर रायपुर द्वारा कत्थक नृत्य, आंचल पाण्डेय बिलासपुर द्वारा ओडिसी एकल, नवा बिहान लोक कला मंच पिलवापाली बसना द्वारा पंथी नृत्य, एकलव्य आवासीय विद्यालय भोरिंग के छात्रों द्वारा बस्तरिहा नाच, नानगांव बोहधन एवं साध्वी सेवा मगरपाली द्वारा डंडा नृत्य, छत्तीसगढ़ी लोक कला मंच कन्हारपुरी द्वारा सोला सिंगार लोक प्रस्तुतियाँ, किशोर हम्पीहोली, स्वर संगम सांस्कृतिक मंच नागपुर द्वारा अम्रपाली नृत्य नाटक की प्रस्तुति, सावित्री कहार लोक कला मंच रायपुर द्वारा लोक साधना की प्रस्तुति होगी। अंतिम कड़ी में शाम 7 बजे से प्रसिद्ध म्यूजिक डायरेक्टर एवं बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर मीत ब्रदर्स, मुंबई की विशेष प्रस्तुति के साथ सिरपुर महोत्सव का समापन होगा।















.jpg)














