राष्ट्रीय

Farmers Movement : दिल्ली से सटी तमाम सीमाओं पर भारत बंद का असर...

Farmers Movement : दिल्ली से सटी तमाम सीमाओं पर भारत बंद का असर...

-बंद के चलते दिल्ली से लेकर पंजाब तक हलचल, ट्रेफिक जाम से जनजीवन प्रभावित

Farmers Movement :  दिल्ली से सटी तमाम सीमाओं पर भारत बंद का असर सुबह से ही देखने को मिला है। तमाम सीमाओं के आस-पास गाड़ियां ही गाड़ियां हैं और चारों ओर जाम की स्थिति बनी हुई है। दरअसल विभिन्न मांगों को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा और किसान मजदूर मोर्चा ने आज शुक्रवार को भारत बंद का आव्हान किया हुआ है। इसे देखते हुए दिल्ली बॉर्डर्स पर सघन चैकिंग अभियान भी चलाया गया है, इसके चलते दफ्तर का समय शुरू होता उससे पहले ही तमाम जगहों पर ट्रैफिक जाम की समस्या उभर कर सामने आ गई। गाजीपुर बॉर्डर पर गाड़ियों की लंबी कतारें देखने को मिली हैं।

गौरतलब है कि किसान आंदोलन को देखते हुए दिल्ली की सीमाओं पर पहले से ही बैरिकेडिंग का इंतजाम किया गया था और इसके चलते रास्ते डायवर्ट किए गए और कुछ जगहों पर आने-जाने के लिए रास्ता संकरा कर दिया गया। इस कारण भी दिल्ली की सीमाओं पर पिछले चार दिन से भयानक ट्रैफिक जाम की स्थिति निर्मित हुई। आज 16 फरवरी को भारत बंद के आव्हान को देखते हुए नोएडा में सीआरपीसी की धारा 144 लागू की गई है। बताते चलें कि दिल्ली में धारा 144 पहले से ही लागू है।

Open photo

आज भारत बंद को देखते हुए नोएडा पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करते हुए जाम से बचने ज्यादा से ज्यादा लोगों से मेट्रो का इस्तेमाल करने की अपील की है। ग्रेटर नोएडा तथा गौतमबुद्धनगर से दिल्ली सीमा पर बैरियर लगाकर दिल्ली पुलिस और गौतमबुद्धनगर पुलिस ने सघन चैकिंग अभियान चलाया, जिस कारण दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर जाम की स्थिति बन गई। यातायात पुलिस ने असुविधा होने पर यातायात हेल्प लाइन नम्बर 9971009001 जारी कर संपर्क करने को कहा है।

भारत बंद सुबह 6 बजे से शुरू हो गया जो कि शाम 4 बजे तक चलेगा। इसके अलावा आज हरियाणा में 3 घंटे टोल फ्री किया गया है, इसके तहत दोपहर 12 बजे से शाम 3 बजे तक सारे टोल प्लाजा किसानों के लिए फ्री करने का निर्णय लिया गया, वहीं कल शनिवार यानी 17 फरवरी को दोपहर 12 बजे से ट्रैक्टर परेड करेंगे।

भारत बंद के चलते पंजाब से दिल्ली तक हलचल

एमएसपी यानी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कानूनी गारंटी समेत विभिन्न मांगों को लेकर हजारों किसान जहां सड़कों पर उतरे हैं वहीं भारत बंद के चलते आज दिल्ली से लेकर पंजाब तक हलचल देखने को मिली है। किसान संगठनों का कहना है कि भारत बंद का ग्रामीण इलाकों में ज्यादा असर देखने को मिल रहा है। वहीं दूसरी तरफ भारत बंद के मद्देनजर दिल्ली-एनसीआर से पंजाब-हरियाणा तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

गौरतलब है कि भारत बंद के आह्वान से पहले ही पंजाब से मार्च कर रहे हजारों किसानों को दिल्ली से लगभग 200 किलोमीटर दूर अंबाला के पास हरियाणा-पंजाब की अलग-अलग सीमाओं पर रोका गया है। हरियाणा पुलिस और सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारी किसानों को मार्ग से हटाने और उन्हें तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल भी किया है। इसी तरह दिल्ली पुलिस ने भी अपनी सीमाओं को सील कर किलेबंदी कर दी है।

पंजाब में दिखा किसानों के हल्लाबोल का असर

भारत बंद का आज असर पंजाब में दिखना शुरू हो गया है। एक तरफ भारत बंद का आव्हान है तो दूसरी तरफ शुक्रवार 16 फरवरी को चौथे दिन भी पंजाब और हरियाणा के बीच प्रदर्शनकारी किसान दिल्ली कूच के लिए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली जाने पर अड़े हुए हैं। सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था ठप हो चुकी है जिस कारण विभिन्न स्थानों पर यात्रियों को फंसे देखा गया है। पंजाब के अनेक जगहों पर किसानों ने हल्लाबोल चलाया, जिसका असर साफ देखा जा रहा है। भारत बंद के चलते शुक्रवार सुबह से ही सभी निजी और सरकारी बसें सड़कों से नदारद रहीं हैं, जिससे दक्षिण पश्चिम पंजाब के जिलों में सामान्य जनजीवन भी प्रभावित हुआ है।

शम्भू बॉर्डर पर उत्पात, पत्थरबाजी में सुरक्षाकर्मी घायल

खबर है कि किसान आन्दोलन की आड़ में कुछ उपद्रवियों ने शम्भू बॉर्डर पर उत्पात मचाया और पत्थरबाजी कर दी, जिससे पुलिस के 18 व पैरामिलट्री के 07 जवानों सहित कुल 25 जवान घायल हो गए। इससे पहले बॉर्डर पर पुलिस ने ड्रोन से अश्रु गैस के गोले दागे थे, जिसका तोड़ किसानों ने पतंग उड़ाकर निकाला था और अनेक ड्रोन पतंग से फंसा कर गिरा लिए थे। यहां बतलाते चलें कि किसानों की मांगों पर केंद्र सरकार लगातार बातचीत कर रही है। यह अलग बात है कि अभी तक की बैठकें बेनतीजा ही रही हैं। गौरतलब है कि पिछले 9 दिनों में 3 बैठकें आयोजित की गईं हैं। किसानों का आंदोलन 13 फरवरी से शुरू हुआ था। इससे पहले ही दो बैठकें हो चुकी थीं। तीसरी बैठक 15 फरवरी को चंडीगढ़ में की गई, जिसमें कोई हल नहीं निकल सका है। अब अगली बैठक आगामी रविवार यानी 18 फरवरी को होगी।(एजेंसी)

More Photo

    Record Not Found!


More Video

    Record Not Found!


Related Post

Leave a Comments

Name

Contact No.

Email