नई दिल्ली : रंजीत नगर इलाके में देर रात रोडरेज में डिलीवरी बॉय की पीट पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 39 वर्षीय पंकज ठाकुर के रूप में हुई है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे के जरिए कैब का नंबर खंगाला और दो आरोपियों को रविवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान शादीपुर गांव निवासी मनीष कुमार और लालचंद के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक, पंकज ठाकुर परिवार के साथ फरीदपुरी पटेल नगर में रहते थे। परिवार में पत्नी, एक बेटा और बेटी है। शनिवार रात 11.30 बजे पुलिस को मेन बाजार वाली गली, शादीपुर गांव के पास एक युवक बेहोश पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि स्थानीय लोग घायल युवक को पटेल अस्पताल लेकर गए हैं। घटनास्थल पर उसका स्कूटर मिला।
अस्पताल जाने पर पुलिस को पता चला कि डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया है। उसके पास से मिले कागजात के जरिए उसकी पहचान पंकज ठाकुर के रूप में हुई। शरीर पर चोट के निशान थे। पुलिस ने आस पास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला। एक फुटेज में पुलिस ने देखा कि पंकज को कैब सवार दो लोग पीट रहे हैं। पुलिस ने कैब नंबर के जरिए आरोपियों की पहचान शुरू की। कैब सवार मनीष कुमार और लालचंद दोनों अपने घर से गायब थे।
पुलिस उनके ठिकानों पर दबिश दी और रविवार दोपहर इलाके से ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कैब बरामद कर ली है। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि रात में दोनों कैब से गली में घूम रहे थे। पंकज अपना स्कूटर लेकर गली में खड़ा था। उन्होंने उसे स्कूटर साइड कर रास्ता देने के लिए कहा। इस बात पर उनकी कहासुनी हो गई। उसके बाद दोनों ने कैब से निकलकर उसे स्कूटर से धक्का दे दिया। पंकज के विरोध करने पर उसकी पिटाई कर दी। इसी दौरान वह अचेत होकर गिर गया। उसके बाद दोनों वहां से फरार हो गए।